साबिर पाक की जियारत करने के लिए आई बिहार निवासी एक महिला मंगलवार को गंगनहर में स्नान करते समय हादसे का शिकार होते-होते बच गई। घाट पर स्नान कर रहे युवकों की सतर्कता और बहादुरी से महिला की जान बचाई जा सकी। बिहार निवासी महिला रेशमा 32 वर्षीय अपने परिजनों के साथ जियारत के लिए कलियर आई थी। स्नान करते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गंगनहर के तेज बहाव में डूबने लगी। महिला को डूबता देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर घाट पर मौजूद कुछ युवकों ने गंगनहर में छलांग लगाई और कड़ी मशक्कत के बाद काफी दूर जाकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के बाद महिला के परिजनों ने राहत की सांस ली और महिला को डूबने से बचाने वाले युवकों का आभार जताया।