शेरपुर खेलमऊ गांव में ऊर्जा निगम और विजिलेंस टीम के संयुक्त छापे में भारतीय किसान यूनियन (क्रांति) ने 24 सितंबर को मुख्यमंत्री घेराव का एलान किया है। शेरपुर में आयोजित किसान बैठक में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास सैनी ने कहा कि विजिलेंस कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों के विद्युत कनेक्शन काटे जा रहे हैं जिससे किसानों में रोष है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों पर दर्ज मुकदमे वापस कराने की मांग को लेकर बड़ा आंदोलन चलाया जाएगा और जब तक कार्रवाई वापस नहीं होती संघर्ष जारी रहेगा। किसान नेता सुधीर चौधरी ने कहा कि किसान पहले ही आर्थिक संकट और कर्ज के बोझ से जूझ रहे हैं। उन्होंने इकबालपुर शुगर मिल पर किसानों के करोड़ों रुपये के बकाया भुगतान का मुद्दा भी उठाया। बैठक में विनोद प्रजापति, अक्षय, प्रवीण चौधरी, राजू चौधरी, रविंदर धामा, भूषण प्रधान समेत बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण मौजूद रहे।