बीएसएम चैरिटेबल ट्रस्ट के विरुद्ध चल रहा धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। भारतीय ब्राह्मण समाज के पूर्व अध्यक्ष सतीश कुमार ने मुख्यमंत्री को एक विस्तृत पत्र भेजकर बीएसएम चैरिटेबल ट्रस्ट की अवैधता के संदर्भ में सूचित किया। पूर्व नगर पालिका चेयरमैन दिनेश कौशिक ने एक वीडियो जारी कर धरने को अपना समर्थन दिया। समाज के पूर्व अध्यक्ष सतीश कुमार ने कहा कि वर्ष 1934 में स्थापित और वर्ष 1946 में पंजीकृत ब्राह्मण संस्कृत महाविद्यालय समिति को पहले प्रबंधन और उनके पुत्रों ने कब्जाया। इसे एक ट्रस्ट बनाकर अब विश्वविद्यालय बनाने का प्रस्ताव राज्य सरकार से करा लिया है। उन्होंने कहा कि कब्जामुक्ति तक धरना जारी रहेगा। दिनेश कौशिक ने कहा कि समिति की स्थापना समाज के सभी वर्गों के सहयोग से हुई थी। एडवोकेट प्रमोद शर्मा, पूर्व पार्षद राजकुमार दुःखी, पंडित आकाश दीप गौतम, पंडित अंकित गौतम, पंडित दुष्यंत शर्मा, दिनेश मौर्या, पंडित गोनू शर्मा, सुजल कौशिक, पंडित रोहित कौशिक, मनोज शर्मा आदि मौजूद रहे।