हत्यारोपी की गिरफ्तारी को लेकर हाईवे जाम का प्रयास
युवक के हत्यारोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने नारसन बॉर्डर पर हाईवे जाम करने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने किसी तरह ग्रामीणों को समझाया। इसके बाद ग्रामीण लौट गए।
क्षेत्र के गांव उल्हेड़ा निवासी आकाश की शुक्रवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। उधर, पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो ग्रामीण व परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजन व ग्रामीण एकत्रित होकर नारसन बॉर्डर पर पहुंचे और हाईवे जाम करने का प्रयास किया। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जाम लगाने से पहले ही ग्रामीणों को रोक दिया। इस बीच ग्रामीणों ने हत्यारोपी की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने आश्वासन दिया कि जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। इसके बाद ग्रामीण लौट गए। उधर, बताया जा रहा है कि ग्रामीण जाम लगाने के बाद शव को भी मौके पर ले जाने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस ने समय रहते मामला बढ़ने से रोक लिया। इस दौरान सीओ बीएस चौहान, कोतवाली प्रभारी महेश जोशी और एसएसआई प्रमोद कुमार आदि मौजूद रहे।
पांच साल से पुराकाजी में रह रहा परिवार
पुलिस ने आकाश की हत्या के बाद मामले की जानकारी जुटाई को पता चला कि उसका परिवार पांच साल से पुरकाजी में किराए पर रह रहा है। आकाश कभी-कभी अपने पैतृक गांव उल्हेड़ा में अपने चाचा के पास आता-जाता रहता था। साथ ही वह गांव में मजदूरी भी कर लेता था। उधर, पुलिस जानकारी जुटा रही है कि परिजनों ने जिस हत्या में नामजद किया है, उसकी आकाश से कोई दुश्मनी थी या कोई अन्य कारण है।