अलावलपुर गंगा घाट पर नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई
सुल्तानपुर। लंबी बीमारी से जूझ रहे उत्तराखंड पुलिस के सब इंस्पेक्टर सतबीर सिंह (50) पुत्र रकम सिंह का रविवार सुबह महंत इंद्रेश हॉस्पिटल में उपचार के दौरान निधन हो गया। वह सुल्तानपुर क्षेत्र के अलावलपुर निवासी थे और देहरादून की जयंत चौकी में तैनात थे। उनके निधन से परिवार व पुलिस महकमे में गहरा शोक है।। सतबीर सिंह वर्ष 1982 में कांस्टेबल पद पर भर्ती हुए थे और कर्तव्यनिष्ठा व ईमानदारी के बल पर पदोन्नति पाकर सब इंस्पेक्टर बने। अपने सेवाकाल में उन्होंने कई संवेदनशील मामलों को साहस और सूझबूझ से सुलझाया। रविवार को उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव अलावलपुर पहुंचा। अलावलपुर गंगा घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और ग्रामीणों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।