सड़क हादसे में दो युवकों की इलाज के दौरान मौत हुई थी
पिरान कलियर। सड़क हादसे में दो युवकों की मौत के मामले में पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भगवानपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर हाल निवासी सुग्रीव सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 14 फरवरी को उनका बेटा सूरज सिंह अपने दोस्त शिवम दुबे के साथ बाइक से हरिद्वार जल लेने के लिए जा रहा था। जैसे ही बाइक बेडपुर स्थित पुराने भट्ठे के पास पहुंची तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई थी। कलियर थाना प्रभारी रवींद्र कुमार ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपी वाहन चालक की तलाश कर रही है।