कस्बा क्षेत्र के शिकारपुर गांव में मंगलवार रात नायब तहसीलदार सुशील कुमार ने अवैध खनन कर रही दो ट्रैक्टर-ट्राॅली को पकड़ लिया और सीज की कार्रवाई की। लंबे समय से लंढौरा क्षेत्र अवैध खनन माफियाओं का अड्डा बना हुआ है। क्षेत्र के दो स्थान इन खनन माफियाओं के लिए फायदेमंद साबित हो रहें है। शिकारपुर में नवोदय विद्यालय के पीछे ग्राम सभा और नगर पंचायत लंढौरा की भूमि से आए दिन खनन होता है। वहीं गाधारोणा और बुक्कनपुर की ग्राम सभा भूमि से कई सालों से खनन हो रहा है। अवैध खनन माफियाओं ने आम लोगों का जीना भी मुहाल कर दिया है। किसानों के खेतों में कहीं से भी अपने वाहन गुजार देते है और फसलों को बर्बाद कर देते है। खनन से शिकारपुर में नवोदय विद्यालय की दीवार गिरने की कगार पर पहुंच गई है। तहसीलदार सुशाील कुमार ने बताया कि इस क्षेत्र में आए दिन खनन की शिकायत मिलने के कारण यह कार्रवाई की गई है। इसमें दो ट्रैक्टर-ट्राॅलियों को सीज किया गया है। इस दौरान कानूनगो सुभाष जैमिनी भी मौजूद रहे।