पार्क में घूमने आई दो बहनों से एक युवक ने छेड़खानी कर दी। विरोध करने पर उसने मारपीट कर एक का मोबाइल छीनकर तोड़ दिया। शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। रुड़की के एक कालोनी निवासी युवती ने बताया कि काफी समय से एक युवक उसे परेशान करता आ रहा था। 11 जनवरी की दोपहर वह सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित पार्क में अपनी बहन के साथ घूमने आई थी। आरोप है कि वहां पर युवक भी बाइक लेकर आ गया और दोनों से छेड़खानी करने लगा। विरोध करने पर उसने मोबाइल छीनकर तोड़ दिया। शोर मचाने पर मौके पर भीड़ जमा हो गई। इस बीच युवक ने धमकी दी कि उससे शादी नहीं की तो वह जान से मार देगा। इसके बाद आरोपी वहां से बाइक लेकर फरार हो गया। युवती ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर दीपक निवासी निकटआईटीआई कॉलेज गांव बोंगला, थाना बहादराबाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही युवक की तलाश की जा रही है।