दोनों गाड़ियां भी की बरामद
मंगलौर। कस्बा पुलिस ने शातिर तरीके से कार चोरी और लूट की घटना को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को हरियाणा के पानीपत से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान साहिल और संदीप, निवासी मॉडल टाउन, पानीपत के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 21 अप्रैल की रात गुड़ मंडी के पास हाईवे पर आरोपियों ने अपनी कार से पीड़ित की कार को पीछे से टक्कर मारी। जब पीड़ित नुकसान देखने के लिए नीचे उतरा, तो आरोपियों ने उसे बातों में उलझाकर उसकी कार लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से जांच शुरू की। इसके आधार पर पानीपत में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनकी निशानदेही पर लूटी गई कार और वारदात में इस्तेमाल दूसरी कार भी बरामद कर ली गई है। कोतवाल भगवान सिंह मेहर ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है और उनके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।