हादसे में ट्रक चालक भी घायल, पांच को गंभीर हालत में एम्स ऋषिकेश किया गया रेफर
नगला इमरती ओवरब्रिज पर हुआ हादसा, दिल्ली निवासी हैं कांवड़िए
एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रहे कांवड़ियों से भरे लोडर वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में नौ कांवड़िए और ट्रक चालक घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलाें को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने चार कांवड़ियों और ट्रक चालक की गंभीर हालत देखते हुए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया है।
शुक्रवाररात करीब 12 बजे दिल्ली निवासी नौ कांवड़िए लोडर वाहन में हरिद्वार गंगाजल लेने जा रहे थे। जैसे ही वाहन हरिद्वार हाईवे पर नगला इमरती ओवरब्रिज के सामने पहुंचा तो सामने से तेज गति से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए वहीं कांवड़ियों में चीख पुकार मच गई। चीख पुकार सुनकर राहगीर व ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और किसी तरह कांवड़ियों को बाहर निकाला।
साथ ही एंबुलेंस के जरिए घायल कांवड़ियों और ट्रक चालक को रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया। एसएसआई अभिनव शर्मा ने बताया कि आशीष (20) पुत्र सुरेश, अभिषेक पुत्र सुरेश (19), अंकित (25) पुत्र कुलदीप, वंश (18) पुत्र राजेंद्र निवासी चंचल पार्क, थाना नारोला नई दिल्ली, राजेंद्र (45) पुत्र भूप सिंह, अंशु (16) पुत्र राजेंद्र निवासी सत्यम बिहार, थाना नरोला चंचल पीठ दिल्ली, मोहित (20) पुत्र सतपाल, निवासी नंद नगरी, दिल्ली, सचिन (26) पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी बक्करवाला, थाना मुंडका दिल्ली, विकास (70) पुत्र मुकेश कुमार निवासी आंबेडकर नगर, थाना दक्षिणपुरी नई दिल्ली और ट्रक चालक राजा निवासी मुरादाबाद घायल हो गए। इनमें से आशीष, राजेंद्र, अंशु, मोहित और ट्रक चालक राजा की गंभीर हालत देखते हुए ऋषिकेश एम्स में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि सभी के परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है।
ओवरब्रिज पर बने जाम के हालात
हादसा होने के बाद ओवरब्रिज पर कांवड़ियों और अन्य वाहनों की लाइन लग गई। इससे जाम के हालात बन गए। पुलिस ने ट्रक और छोटे हाथी को क्रेन के जरिए हटवाकर यातायात पूरी तरह से संचालित कराया।