संकरी सड़कें, बढ़ते ई-रिक्शा और अव्यवस्थित यातायात बन रहा जाम की बड़ी वजह
रुड़की। शहर में आए दिन लग रहे जाम के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह और शाम के व्यस्त समय में शहर की मुख्य सड़कों से लेकर गलियों तक वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। शहर के मुख्य बाजारों में बढ़ता जाम लोगों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। पिछले कुछ वर्षों में ई-रिक्शा की संख्या तेजी से बढ़ी है लेकिन सड़कों की चौड़ाई और यातायात व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हो सका। हालात यह है कि प्रमुख बाजारों,क्षेत्रों व स्कूल-कॉलेज के आसपास दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। मेन बाजार, बीटी गंज, रामपुर चौक, सिविल लाइंस, बादशाह होटल के समीप, दुर्गा चौक, बीएसएम तिराहा आदि क्षेत्रों में अक्सर जाम से लोगों को जूझना पड़ता है। बाजारों में ई-रिक्शा, बाइक और कारें एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में सड़क पर अव्यवस्था फैला रहे हैं। कई स्थानों पर अवैध पार्किंग जाम को और गंभीर बना रही है। दुकानों के बाहर खड़े वाहन और सड़कों पर दोबारा किए गए अतिक्रमण के कारण वाहनों की रफ्तार थम जाती है। इस करण लोग समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। लोगों का कहना है कि शहर में यातायात नियमों की अनदेखी हो रही है। बाजारों में बेतरतीब तरीके सक खड़े वाहनों पर कार्रवाई की जानी चाहिए। मुख्य बाजारों में चौपहिया और ई-रिक्शा वाहनों पर स्थाई रोक लगनी चाहिए ताकि लोगों को जाम से राहत मिल सके।