सिविल बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी में सचिव पद के लिए दो प्रत्याशी मैदान में हैं। दोनों के बीच कड़ा मुकाबला है।
लक्सर की द सिविल बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का गठन करने के लिए पिछले महीने से चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। नामांकन, नामांकन पत्रों की जांच और वापसी के बाद सात में से छह पदों पर आम सहमति बनी थी। इसके बाद अध्यक्ष पद के लिए आनंद उपाध्याय, उपाध्यक्ष पद पर श्याम लाल, सह सचिव के पद के लिए अंकित कुमार, कोषाध्यक्ष पद पर नितिन कुमार, पुस्तकालय अध्यक्ष पद के लिए मोहम्मद नासिर और आय व्यय निरीक्षक के पद पर देवेंद्र कुमार का एक-एक ही नामांकन पत्र जमा कराया गया था। इनके अलावा कार्यकारिणी सदस्यों के पांच पदों पर भी पवन कुमार, मुकेश कुमार, मो. आफाक, अनिल प्रजापति और मोहम्मद हयात ने ही नामांकन पत्र जमा किए थे। सभी निर्विरोध चुन लिए गए थे लेकिन सचिव पद पर सहमति नहीं बन सकी। मुख्य चुनाव आयुक्त चौधरी भूप सिंह और सहायक चुनाव आयुक्त सचिन कुमार ने बताया कि सचिव पद के लिए राकेश कुमार वर्मा और राजेश सैनी उम्मीदवार हैं। सोमवार को मतदान कराया जाएगा। इसके बाद शाम को ही मतों की गिनती कर विजयी प्रत्याशी के नाम की घोषणा की जाएगी।