लक्सर। गंगा दशहरा और निर्जला एकादशी स्नान पर रेलवे हरिद्वार और दिल्ली के बीच दो स्पेशल ट्रेन चलाएगा। हरिद्वार और लखनऊ के बीच भी एक स्पेशल ट्रेन संचालित की जाएगी। तीनों ट्रेनों में सामान्य कोच लगाए जाएंगे।मुरादाबाद मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने बताया कि 04305- 04306 विशेष ट्रेन 5 और 6 जून को शाम 3:40 पर हरिद्वार से रवाना होकर रात 8:45 पर दिल्ली पहुंचेगी। जबकि वापसी में यही ट्रेन रात 11 बजे दिल्ली से रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:50 पर हरिद्वार पहुंचेगी। ट्रेन को रुड़की, टपरी, मुजफ्फरनगर, मेरठ सिटी, मोदीनगर, गाजियाबाद, दिल्ली और शाहदरा में ठहराव दिया गया है। जबकि 04307- 8, 5 और 6 जून को रात 7:45 पर हरिद्वार से रवाना होकर रात 1:30 पर दिल्ली शहादरा पहुंचेगी। 6 और 7 जून को सुबह 4:07 पर दिल्ली से रवाना होकर ट्रेन सुबह 10 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। ट्रेन को रुड़की, सहारनपुर, टपरी, शामली, बड़ौत, बागपत, नोली में ठहराव दिया गया है। इसके अलावा 04309- 043010 हरिद्वार-लखनऊ स्पेशल ट्रेन 5 और 6 जून को रात 10:45 पर हरिद्वार से रवाना होकर अगले दिन सुबह 9:25 पर लखनऊ पहुंचेगी। जबकि 6 और 7 जून को लखनऊ से सुबह 11:30 पर रवाना होकर ट्रेन रात 8:20 पर हरिद्वार पहुंचेगी। ट्रेन को लक्सर, नजीबाबाद, नगीना, धामपुर, स्योहारा, कांठ, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, बालामऊ और संडीला में ठहराव दिया गया है।