सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के जौरासी गांव में संरक्षित पशु का कटान कर रहे चार लोग पुलिस को देखते ही फरार हो गए। पुलिस ने उनका पीछा भी किया लेकिन वह हाथ नहीं आए। पुलिस ने मौके से 300 किलो मांस बरामद किया है। चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा भी दर्ज किया है।
सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस को शुक्रवार सुबह सूचना मिली कि क्षेत्र के जौरासी गांव में कुछ लोग गांव के पास ही खुुले में पशु कटान कर रहे हैं। सूचना पर कोतवाली पुलिस की टीम ने मौके पर जाकर घेराबंदी कर दी। पुलिस की भनक पाकर पशु कटान कर रहे लोगों में हड़कंप मच गया। आरोपी वहां से भाग खड़े हुए। पुलिस ने इनका काफी दूर तक पीछा भी किया लेकिन आरोपी हाथ नहीं आए। पुलिस ने मौके से तीन क्विंटल मांस और पशु कटान में प्रयुक्त होने वाले उपकरण बरामद किए। सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र बिष्ट ने बताया कि मौके से फरार होने वाले आरोपी मंगलौर निवासी आशु और शराफत, अकरम, रिफाकत निवासी ग्राम जोरासी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चारों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।