पुलिस ने शिकायत पर जांच शुरू की, आरोपी की तलाश जारी
रुड़की। सोशल मीडिया पर अश्लील मैसेज भेजने और महिला की ओर से विरोध करने पर उसे बदनाम करने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार क्षेत्र निवासी एक महिला के सोशल मीडिया पर पिछले दो दिनों से एक युवक लगातार अश्लील मैसेज और आपत्तिजनक फोटो भेज रहा था। महिला ने आरोपी को ब्लॉक कर दिया लेकिन इसके बाद वह नई आईडी बनाकर फिर से अश्लील संदेश भेजने लगा। महिला ने जब उसे ऐसा करने से रोका तो आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। साथ ही महिला की फोटो एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल कर उसे बदनाम करने की धमकी दी। महिला ने पूरी बात अपने परिजनों को बताई। इसके बाद परिजन महिला को लेकर सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचे और पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने आरोपी के सोशल मीडिया अकाउंट की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि युवक को ट्रेस कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।