मारपीट के बाद अकौढ़ा गांव में पुलिस तैनात
- फोटो : अमर उजाला
लक्सर। अकौढ़ा कलां गांव में मामूली बात को लेकर दो पक्षों में पथराव हुआ। आननफानन में सूचना पर पहुंची पुलिस ने जैसेतैसे स्थिति पर काबू पाया। घटना में एक पक्ष की महिला समेत तीन लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों के दस लोगों को गिरफ्तार किया है।
चार मार्च को अकौढ़ा कलां गांव से धर्मवीर के पुत्र टींकू की बारात मंगलौर क्षेत्र के मोहम्मदपुर झाल गांव में गई थी। बारात में एक मेहमान को लेकर गांव के सन्नी एवं चंद्रपाल के पुत्र आमने-सामने आ गए थे। लेकिन मोअज्जिज लोगों के हस्तक्षेप पर दोनों पक्षों में सुलह करवा दी थी। रविवार सुबह सन्नी और चंद्रपाल पक्ष के बीच कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में पथराव हो गया।
अपने-अपने मकानों की छतों पर चढ़कर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव किया। मामले को लेकर सन्नी पक्ष का कहना है कि बारात में सुलह होने के बाद भी चंद्रपाल पक्ष के दर्जनों लोगों ने उनके घर पर लाठी-डंडों से हमला कर धीर सिंह, दीपक और सुलेखना को घायल कर दिया। चंद्रपाल पक्ष के लोगों का आरोप है कि बारात में मामला निपटने के बाद सन्नी पक्ष के लोगों ने उनके एक बुजुर्ग के साथ मारपीट की।
जिसके कारण दोनों पक्षों में पथराव हुआ है। सुबह करीब आठ बजे मामले की सूचना पर पुलिस ने गांव पहुंचकर मामले को शांत कराया। उसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के दस लोगों को हिरासत में लिया। उपनिरीक्षक संपूर्णानंद गौरोला ने बताया कि दोनों पक्षों के दस लोगों को गिरफ्तार किया गया है।