चमन लाल महाविद्यालय में आयोजित संगोष्ठी में वक्ताओं ने बताया कि किसी भी देश की कर निर्धारण व्यवस्था से ही वहां की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है।
मंगलवार को चमन लाल महाविद्यालय में वाणिज्य विभाग एवं राजनीति विभाग की ओर से भारतीय अर्थव्यवस्था में वस्तु एवं सेवा कर पर एक विश्लेषण विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। पहले दिन कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंध समिति के अध्यक्ष पंडित राम कुमार शर्मा, प्राचार्य डॉ. सुशील उपाध्याय, संगोष्ठी के मुख्य अतिथि प्रो. अतवीर सिंह यादव ने किया। इसके बाद मां सरस्वती वंदना का गायन किया गया। पंडित ईश्वर चंद शर्मा, डॉ. अनुराग शर्मा, प्रो. अतवीर सिंह यादव और डॉ. सुरजीत सिंह ने भारतीय अर्थव्यवस्था में वस्तु एवं सेवा कर एक विश्लेषण पुस्तक का विमोचन किया।
प्रो. अतवीर सिंह यादव ने बताया कि किसी भी देश या राज्य की कमजोरी या मजबूती वहां की कर व्यवस्था पर निर्भर करती है। कर से प्राप्त राजस्व से ही समाज का बुनियादी ढांचा तैयार किया जाता है। प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पंडित राम कुमार शर्मा ने विभाग की ओर से आगे भी इसी तरह के ज्वलंत मुद्दों पर संगोष्ठी होती रहेंगी। इस मौके पर प्राचार्य डॉ. सुशील कुमार, डॉ. अनुराग शर्मा, डॉ. वीरेंद्र कुमार गुप्ता, डॉ. नीशू भाटी, डॉ. देवपाल, डॉ. किरण, डॉ. अनुराग शर्मा, डॉ. श्वेता आदि मौजूद रहे।