सिंगल लेन पर वाहन चलने से दिनभर बनी रही जाम की स्थिति
कांवड़ यात्रा धीरे-धीरे पीक पर पहुंच रही है। नहर पटरी कांवड़ मार्ग के बाद शिवभक्तों का हाईवे की एक लेन पर भी पूरी तरह से कब्जा हो गया है। पुलिस ने हाईवे की एक लेन को वाहनों के लिए खोल रखा है। दूसरी से शिवभक्तों की टोलियां गुजर रही हैं। चार जुलाई से शुरू हुई कांवड़ यात्रा धीरे-धीरे अपने चरम पर पहुंच रही है। गंगनहर पटरी कांवड़ मार्ग को प्रशासन द्वारा पहले ही शिव भक्तों के हवाले कर दिया गया था। गंगनहर पटरी लबालब होने से शिव भक्तों की टोलियां हाईवे पर भी उतर आई हैं। जहां एक लेन को शिव भक्तों के हवाले कर दिया गया है। वहीं दूसरी लेन को वाहनों के आने-जाने के लिए खोला गया है। हाईवे पर एक ही लाइन पर यातायात चलने के कारण टी-प्वाइंटों पर दिन भर जाम की स्थिति बनी रही। मंगलौर बस स्टैंड के अलावा गंगनहर पुल, अब्दुल कलाम चौक के साथ ही देवबंद तिराहे पर भी दिन भर जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस के साथ ही पैरामिलिट्री फोर्स भी दिनभर जाम खुलवाने का प्रयास करती रही। कोतवाली प्रभारी महेश जोशी ने बताया कि शिवभक्तों की भीड़ को देखते हुए यातायात प्लान में बदलाव किए गए हैं।