कांग्रेस ने अंकिता भंडारी के परिजनों को दिलाने के लिए मांगा सहयोग
लक्सर। अंकिता भंडारी प्रकरण के संबंध में रविवार को आहूत बंद का लक्सर में कोई खास असर देखने को नहीं मिला। नगर में अधिकांश बाजार सामान्य दिनों की तरह खुले रहे। हालांकि कांग्रेस की ओर से नगर में व्यापारियों से प्रकरण में निष्पक्ष जांच और अंकिता के परिजनों को न्याय दिलाने के लिए किए जा रहे संघर्ष में सहयोग की अपील की गई। अंकिता भंडारी के हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग के लिए 11 जनवरी को प्रदेश बंद का एलान किया गया था। मुख्यमंत्री की ओर से पहले ही हत्याकांड की सीबीआई जांच का एलान किए जाने पर लक्सर में बंद का असर देखने को नहीं मिला। नगर के मेन बाजार, हरिद्वार मार्ग, गोवर्धनपुर मार्ग पर अधिकांश दुकानें सामान्य दिनों की तरह खुली नजर आईं। उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष अतुल गुप्ता ने बताया कि नगर में बाजार सामान्य तौर पर खुले रहे। वहीं, कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह ने कहा कि कांग्रेस उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी के परिजनों को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। संघर्ष में सभी का सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों से सहयोग की अपील की।