भगवानपुर औद्योगिक क्षेत्र के निकासी न होने के कारण क्षतिग्रस्त सड़क व भरा पानी।
- फोटो : ROORKEE
औद्योगिक क्षेत्र में पानी निकासी नहीं होने की समस्या अब उद्यमियों और वाहन चालकों के लिए जी का जंजाल बन चुकी है। जब भी फैक्टरी से माल उठाना होता है या फिर माल लाना होता है तो परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार शिकायत के बावजूद भी समस्या का हल नहीं हुआ है।
भगवानपुर औद्योगिक क्षेत्र में लगभग 480 औद्योगिक इकाइयां हैं। यहां आजतक पानी की निकासी व सड़क नहीं होने के कारण औद्योगिक क्षेत्र में पानी भर जाता है। क्षेत्रीय ट्रक चालक शमद, राकिब, शाहनवाज और उद्यमी तरुण कुमार, कमल कुमार, कुलदीप, योगेश कुमार आदि का कहना है कि पूरे औद्योगिक क्षेत्र में दस वर्ष से पानी की निकासी के लिए नाले व कच्ची सड़कों को पक्का नहीं बनाया गया है। इस कारण फैक्टरियों से माल की ढुलाई करने के लिए वाहनों का बाहर निकलना बहुत मुश्किल हो जाता है। वहीं एसडीएम ब्रिजेश कुमार तिवारी का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्र में पानी की निकासी कराने के लिए जिले के अधिकारियों ने सर्वे किया है। जल्द ही समस्या का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा ।
औद्योगिक क्षेत्र में पानी भरे होने के कारण फैक्टरियों में ट्रक व अन्य वाहन ले जाना मुश्किल हो जाता है। कई बार तो वाहन गहरे गड्ढों में फंस जाते हैं। ट्रक निकालने में ही पूरा दिन निकल जाता है।
- मुद्दसिर, ट्रक चालक
औद्योगिक क्षेत्र में सड़कें कच्ची होने के कारण गहरे गड्ढे बन गए हैं। इनमें पूरे 12 महीने पानी भरा रहता है। ऐसे में भारी सामान उठाने के लिए फैक्टरियों में क्रेन ले जाना मुश्किल हो जाता है।
- धीरेन्द्र पाल, क्रेन संचालक
क्षेत्र में पानी की निकासी नहीं होने के कारण उद्यमी फैक्टरियों से वाहनों में माल भरकर तीन चार दिनों में बाहर निकालते हैं। इस कारण कांटा तौल पर बहुत कम ट्रक पहुंचते हैं।
-रामपाल सिंह, वाहन तौल कांटा संचालक