शहर के रोडवेज परिसर के आसपास बृहस्पतिवार को प्रशासनिक गतिविधियां तेज रहीं। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेंद्र पांडेय के नेतृत्व में विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण करते हुए कई दुकानों से खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए। निरीक्षण के दौरान एक कैंटीन में अत्यधिक गंदगी पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित संचालक के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति एडीएम को भेजी। साथ ही टीम ने अन्य दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता मानकों का पालन करने के सख्त निर्देश दिए। गौरतलब है कि इससे पहले परिवहन विभाग की टीम ने भी रोडवेज क्षेत्र में छापा मारकर ट्रेवल्स कारोबारियों के लाइसेंस और जरूरी दस्तावेजों की जांच की थी। लगातार दो विभागों की इस कार्रवाई से व्यापारियों में हलचल बनी रही। एक ही दिन में अलग-अलग विभागों की सख्ती शहर में चर्चा का विषय रही। अधिकारियों ने साफ किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।