रुड़की। श्री सनातन धर्म प्रकाश चंद कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना का सात दिवसीय शिविर रविवार को संपन्न हुआ। समापन दिवस की शुरुआत योग और प्राणायाम से हुई। बौद्धिक सत्र में मुख्य वक्ता एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. भारती शर्मा ने ऊर्जा से चेतना तक युवा वर्ग के दायित्व और चुनौतियां विषय पर छात्राओं को संबोधित करते हुए भारतीय ज्ञान परंपरा, विज्ञान और आत्मचिंतन पर प्रकाश डाला। द्वितीय सत्र में दिनेश धीमान की ओर से आभा स्कैनर के माध्यम से प्रायोगिक प्रस्तुति दी गई, जिसे छात्राओं ने रुचिकर और ज्ञानवर्धक बताया। शिविर का निरीक्षण जिला समन्वयक एसपी सिंह की ओर से किया गया। उन्होंने एनएसएस के सामाजिक दायित्वों पर जोर देते हुए स्वयंसेवियों के कार्यों की सराहना की। इस प्रकार बौद्धिक, प्रायोगिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ शिविर का समापन हुआ।