खानपुर विधायक उमेश कुमार ने भारी जलभराव के बीच पहुंचकर एक मकान की छत पर फंसे बच्चे समेत परिवार के 10 लोगों को बचाया। विधायक ने ट्यूब और सीढ़ी के सहारे परिवार के सदस्यों को उतारकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। शहर के समीप खानपुर विधानसभा के मिलापनगर, गोलभट्टा और मोहनपुरा में रात में हुई भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालत हो गए। पूरा इलाका जलमग्न हो गया। एक परिवार सोमवार रात तीन बजे से घर में पानी पहुंचने से छत पर चढ़ गया और फिर नीचे नहीं उतर पाया। मंगलवार सुबह सात बजे विधायक को सूचना मिली कि एक परिवार के सभी लोग छत पर फंसे हुए हैं। नीचे के हिस्से में चारों तरफ पूरी तरह पानी भरा हुआ है। विधायक अपने कुछ लोगों को साथ लेकर मौके पर पहुंचे और परिवार को पूरी मदद दिए जाने का दिलासा दिया। इसके बाद सीढ़ी और ट्यूब का इंतजाम कर विधायक ने छत पर चढ़कर खुद की एक-एक कर सभी को उतारकर सुरक्षित स्थान पर भिजवाया।