हिंदुस्तान के जिस हीरे ने टोक्यो ओलंपिक में देश को गोल्ड दिलाकर विश्व में अपना परचम लहराया, उसे रुड़की के नसीम अहमद के हाथों तराशा गया है। रुड़की के टोडा कल्याणपुर निवासी नसीम अहमद ही वह कोच हैं, जिन्होंने नीरज चोपड़ा को वर्ष 2011 से अब तक अपनी पाठशाला में जेवलिंग की बारीकियां सिखाईं। खास बात यह है कि इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करने के बाद भी नीरज के कोच उनके इस प्रदर्शन से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं। उन्हें उम्मीद थी कि नीरज फाइनल में 90 मीटर से अधिक दूरी तक भाला फेंककर ओलंपिक रिकॉर्ड कायम करेंगे।