बरात में गई बग्घी से बिजली का तार छूने के कारण करंट उतर गया। करंट लगने से दो घोड़ों की मौके पर ही मौत हो गई। बुधवार को मंगलौर कस्बे के माजिद अपनी दो घोड़ों की बग्घी लेकर लिब्बरहेड़ी गांव में एक विवाह समारोह में गए थे। गांव में बारद्वारी के समय बिजली के तार नीचे लटक रहे थे जिन्हें हटाने का प्रयास भी किया गया। इसी दौरान तार छूने से बग्घी में करंट दौड़ गया और बग्घी में जुड़े दोनों घोड़ों की मौत हो गई। गनीमत रही कि उस दौरान बग्घी में कोई नहीं था। माजिद ने पूर्व पालिकाध्यक्ष चौधरी इस्लाम के साथ एसडीओ अभिनव सैनी से मिलकर मुआवजा दिलाने की मांग की है।