भगवानपुर क्षेत्र के ग्राम मोहितपुर के ग्रामीणों ने एसडीएम भगवानपुर को शिकायत पत्र देकर बताया कि गांव निवासी एक ग्रामीण ने सड़क की भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर बड़ा चबूतरा बना दिया है। इससे ग्रामीणों को अपने वाहनों को लाने, ले जाने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने चबूतरे की शिकायत एसडीएम से की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम देवेंद्र सिंह नेगी ने तहसील प्रशासन की टीम को मौके पर भेजकर मामले का समाधान करने के दिशा-निर्देश दिए थे। एसडीएम के आदेश पर मंगलवार को नायब तहसीलदार अनिल गुप्ता लेखपाल रेशु राज राणा, मोहित चौधरी, नितिन सिंह और दीपक कुमार ने गांव पहुंचकर शिकायतकर्ता ग्रामीणों की मौजूदगी में अवैध रूप से बनाए गए चबूतरे को हटवाया। ग्रामीणों ने प्रशासनिक टीम आभार जताया।