सुल्तानपुर। एक वर्ष से फरार चल रहे सुल्तानपुर कस्बा निवासी जानलेवा हमले के आरोपी को पुलिस ने लक्सर क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है। इस मामले में पुलिस दो आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 मई 2024 को सुल्तानपुर आदमपुर निवासी महमूद अली ने लक्सर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि ट्यूबवेल की चाबी मांगने को लेकर सुल्तानपुर कस्बा निवासी तीन लोगों ने धारदार हथियार से लैस होकर महबूब अली और उसके परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया था। इस हमले में सनव्वर, शाहनवाज और जुल्फकार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दो आरोपी मासूम अली और उसके पुत्र शाहबाज उर्फ गाजी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लेकिन मुख्य आरोपी फरमान निवासी सुल्तानपुर घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। लक्सर कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि फरमान की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। उन्होंने बताया कि 19 जून को पुलिस को सूचना मिली कि फरमान लक्सर क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर सुल्तानपुर पुलिस चौकी प्रभारी वीरेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में टीम ने फरार आरोपी फरमान को लक्सर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।