उत्तराखंड टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से नगर में टेनिस बॉल क्रिकेट का आयोजन किया जा रहा है। नेहरू स्टेडियम में आयोजित होने वाली 33वीं फेडरेशन कप टेनिस बॉल क्रिकेट चैंपियनशिप में देश के विभिन्न राज्यों से 20 महिला एवं पुरुष टीमें प्रतिभाग करेंगी। प्रतियोगिता में लक्षद्वीप, पांडिचेरी, तमिलनाडु, गोवा, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पूर्वांचल और उत्तराखंड सहित कई राज्यों की टीमें हिस्सा लेंगी। यह चैंपियनशिप 27 से 29 मार्च तक नेहरू स्टेडियम में आयोजित होगी। प्रतियोगिता का उद्घाटन 27 मार्च को सुबह 11 बजे प्रदेश के परिवहन एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री प्रदीप बत्रा की ओर से किया जाएगा। कार्यक्रम में राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति, राज्यमंत्री श्यामवीर सिंह सैनी, चौधरी अजीत सिंह, मेयर अनीता अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य अतिथि मौजूद रहेंगे। आयोजन समिति में मुख्य रूप से राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल, अवतार सिंह चौधरी, अमजद उस्मानी, इमरान सादिक, संजय तिवारी और शकील अहमद शामिल हैं।