पुलिस अभिरक्षा में पेशी पर जा रहे हिस्ट्रीशीटर पर दिनदहाड़े गोली चलाने के मामले में एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने अभिरक्षा में तैनात एक उपनिरीक्षक और दो कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है। सरकार ने इस मामले को सख्ती से लिया, जिसके बाद पुलिस ने यह यह कार्रवाई की।बुधवार को हमले के दाैरान पुलिसकर्मियों ने कोई जवाबी कार्रवाई नहीं की। पुलिस पकड़ो-पकड़ो चिल्लाती रह गई। वहीं, वारदात के दौरान सूझबूझ और साहस दिखाते हुए विनय त्यागी को समय रहते अस्पताल पहुंचाने पर एसएसपी ने वाहन चालक और हेड कांस्टेबल को सम्मानित करने की बात कही है। वारदात के दौरान ही पुलिसकर्मियों की कार्यशैली पर सवाल उठे थे। इसके बाद से पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई के कयास लगाए जा रहे थे। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने प्रारंभिक जांच में चूक मानते हुए उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह और कांस्टेबल हिमांशु चौधरी व संजय पंवार को निलंबित करने के आदेश दिए हैं। एसएसपी ने एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल को प्रकरण की जांच सौंपी है। वहीं, वारदात के दौरान सूझबूझ और साहस का परिचय देने पर एसएसपी ने हेड कांस्टेबल गज्जीलाल और वाहन चालक कांस्टेबल संदीप सिंह को शाबासी दी है। एसएसपी ने बताया कि दोनों पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया जाएगा।