एसपी देहात व सीओ ने एसपीओ की बैठक लेते हुए उन्हें निष्ठा और ईमानदारी से ड्यूटी करने के निर्देश दिए। साथ ही एसपीओ को टोपी व जैकेट वितरित किए।
भगवानपुर क्षेत्र में कांवड़ यात्रा में 70 एसपीओ को 12 प्वाइंटाें पर तैनात किया गया है। शुक्रवार को एसपी देहात स्वप्न किशोर सिंह, सीओ बहादुर सिंह व प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथाण ने एसपीओ की बैठक ली। एसपीओ ने बताया कि कांवड़ियों को बाजार में कुछ दिक्कतें आ रही हैं। इसमें भगवानपुर के मेन बाजार में चौपहिया वाहनों के घुसने से कांवड़िए परेशान हो रहे हैं। मुख्य बाजार में लगी ठेली-रेहड़ी से भी जाम लग रहा है। एसपी देहात ने कहा कि सभी एसपीओ केवल कार्ड लेकर ड्यूटी के प्रति खानापूर्ति न करें। ईमानदारी और निष्ठा से निर्धारित जगह पर तैनात होकर ड्यूटी दें। बैठक में अंकुश पंडित, राशिद अली, आबाद अली, साजिद अली, जोनी केसरिया, अनिल, राजकिशोर वर्मा आदि शामिल थे।