पिरान कलियर। दरगाह में हाजिरी के लिए आया 48 वर्षीय व्यक्ति अचानक लापता हो गया। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की लेकिन उसका सुराग नहीं लग सका। पुलिस ने महिला की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज कर लापता व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी है। ग्राम दस्तोई हापुड़ उत्तर प्रदेश निवासी महिला ने तहरीर देकर बताया कि वह अपने पुत्र संजय कुमार (48) के साथ दरगाह में हाजिरी के लिए आई थी। 16 सितंबर को संजय कुमार दरगाह क्षेत्र से बिना बताए कहीं चला गया। संजय की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं है। काफी समय तक नहीं लौटने पर परिजनों ने दरगाह क्षेत्र और आसपास के स्थानों पर उसकी तलाश की लेकिन कहीं कुछ पता नहीं चल पाया। महिला ने पुलिस से अपने पुत्र की तलाश करने की मांग की। कोतवाली पुलिस ने बताया कि महिला की तहरीर पर संजय कुमार की गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। संवाद