कह रहे मस्ताने शिव के, हम तो हैं दीवाने शिव के...। मंगलौर बाईपास पर शिवभक्तों की भारी भीड़ शिव की धुन में रवाना हो रही है। इस बार कांवड़ पटरी पर कम और मंगलौर बाईपास पर अधिक शिवभक्तों की भीड़ नजर आ रही है। बाईपास पर शिवभक्त बड़ी संख्या में कांवड़ लेकर गुजर रहे हैं। वहीं, पंचक खत्म होने के इंतजार में डाक कांवड़ के साथ ठहरे शिवभक्त बाईपास पर जगह-जगह डेरा डाले हुए हैं।
कोरोना की वजह से दो साल बाद शुरू हुई कांवड़ यात्रा में इस बार अलग उत्साह है। भक्ति और उत्साह के साथ शिवभक्त कांवड़ लेकर अपने गंतव्य की ओर से रवाना हो रहे हैं। कांवड़ यात्रा के बीच में 16 से 20 जुलाई तक पंचक लगने पर शिवभक्तों की संख्या में कमी नजर आई लेकिन मंगलवार को पंचक खत्म होने से एक दिन पहले ही मंगलौर बाईपास का नजारा शिवमय नजर आया। पंचक लगने से पहले ही डाक कांवड़ ले जाने वाले दिल्ली और हरियाणा के शिवभक्तों ने बाईपास पर बड़ी संख्या में डेरा डाल लिया था।
मंगलौर बाईपास पर कोर कॉलेज से लेकर नगला इमरती बाईपास पर जगह-जगह डाक कांवड़ बुधवार दोपहर के बाद जाने के लिए बड़ी संख्या में खड़ी हैं। बुधवार दोपहर के बाद पंचक खत्म होने के बाद बाईपास पर बड़ी संख्या में डाक कांवड़ और पैदल कांवड़ का सैलाब उमड़ने की उम्मीद है। इसे लेकर पुलिस ने बाईपास पर कड़े इंतजाम किए हैं।
एसपीओ कर रहे निगरानी
पुलिस की तरह इस बार एसपीओ के हाथों में वॉकी टॉकी नजर आ रहे हैं। रुड़की के नगर निगम पुल, सोलानी पार्क, चंद्रशेखर चौक और गणेशपुर पुल पर तैनात एसपीओ वॉकी टॉकी लेकर खड़े हैं। इस बार कांवड़ यात्रा में ड्यूूटी के लिए एसपीओ ने धनराशि एकत्रित कर वॉकी टॉकी खरीदे हैं।
सुंदर झांकियां मोह रहीं मन
मंगलौर बाईपास पर शिवभक्तों की ओर से कांवड़ के रूप में सुंदर-सुंदर झांकियां ले जाई जा रही हैं। ये बाईपास से गुजरने वाले वाहन चालकों का ध्यान अपनी ओर खींच रही हैं। मनमोहक कांवड़ और झांकियों को देखने के लिए लोग बाईपास पर रुक रहे हैं। साथ ही उनकी फोटो अपने मोबाइल में कैद कर रहे हैं।
बाईपास पर कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जगह-जगह प्वाइंटों पर ड्यूटी लगाई गई है। भारी वाहनों पर भी प्रतिबंध है।...प्रमेंद्र सिंह डोबाल, एसपी देहात%