कस्बे में आयोजित राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की बैठक में बीडी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य को जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया। बैठक में वक्ताओं ने शिक्षक और छात्रहित में अनेक मुद्दों को उठाया।
मंगलवार को कस्बे में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से बीडी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य संजय गर्ग को महासंघ का जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने शिक्षार्थी, शिक्षक व अभिभावक को एक साथ जोड़कर राष्ट्रहित में शिक्षा व संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए उन्हें जो जिम्मेदारी दी है उसे पूरा करने के लिए 24 घंटे प्रयासरत रहेंगे।
पूर्व खंड शिक्षा अधिकारी भीकम सिंह ने कहा कि जिले में शिक्षा व संस्कृति का दीप जलाने के लिए नवनियुक्त जिलाध्यक्ष संजय गर्ग जैसे लगन शील, कर्मठ व्यक्ति की ही जरूरत है। शिक्षक किसलय सैनी ने भी बैठक में वीर रस की कविता सुनाकर नवनियुक्त जिलाध्यक्ष को राष्ट्रीयहित में कार्य करने का संदेश दिया।
शिक्षक बृजमोहन सैनी ने बताया कि यही एकमात्र ऐसा संगठन है जो प्राइमरी से डिग्री कॉलेज तक और यूनिवर्सिटी तक सभी शिक्षकों को एक साथ लेकर चलता है। कार्यक्रम का संचालन कर रहे आरएनआई इंटर कॉलेज के उप प्रधानाचार्य अशोक शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस मौके पर बैठक में ऋषि पाल सैनी, सुशील कुमार, राजीव कुमार, संजय पाल, निखिल अग्रवाल, सुधीर सैनी, मदरहुड प्रवक्ता डॉ. संतोष शर्मा, हरीश पुंडीर आदि मौजूद रहे।