साउथ सिविल लाइंस के मोहनपुर में एक घर के बाहर नाली की सफाई के दौरान एक कर्मचारी के साथ कुछ लोगों ने मारपीट कर दी। यह तब हुआ जब महिला ने घर के बाहर नाली की गंदगी को बाद में साफ करने को कहा जबकि कर्मचारी पीछे से सफाई करता हुआ आ रहा था। इस बात को लेकर हंगामा खड़ा हो गया। बाद में दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।उ पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के मोहनपुरा में बुधवार सुबह कर्मचारी नाली की सफाई कर रहे थे। एक कर्मचारी महिला के घर के बाहर सफाई करने लगा। महिला ने कर्मचारी से कहा कि वह घर के सामने नाली की गंदगी को बाद में उठाए। कर्मचारी ने कहा कि वह पीछे से ही नाली की सफाई करता हुआ आ रहा है। वार्ड के पार्षद भी उनके साथ हैं। इतने में महिला ने कर्मचारी को फटकार लगा दी।
सफाई कर्मचारी अंकित ने जब इसका विरोध जताया तो अंदर से महिला का नाबालिग बेटा आया और कर्मचारी के साथ मारपीट कर दी। हालांकि मौके पर मौजूद पार्षद ने माहौल शांत कर दिया था। सफाई कर्मचारी अंकित ने आरोप लगाया कि कुछ देर बाद ही नाबालिग ने अपने दोस्तों को फोन कर मौके पर बुला लिया, तीन से चार युवकों ने उसके साथ मारपीट कर दी। इससे मौके पर अन्य सफाई कर्मचारी भी पहुंच गए और हंगामा हो गया। आरोप लगाया कि मारपीट में अंकित समेत तीन लोग चोटिल हुए हैं।
वहीं, मोहनपुर निवासी महिला ने भी आरोप लगाया है कि सफाई कर्मचारियों ने उसके नाबालिग बेटे और दो अन्य युवकों के साथ मारपीट की है। इस बात को लेकर कोतवाली परिसर में भी दोनों पक्ष भिड़ गए। बढ़ती भीड़ को देख पुलिस ने सभी को परिसर से बाहर खदेड़ा और सिर्फ दोनों पक्षों के लोगों को ही परिसर में बैठाया। वहीं, कोतवाल नरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।