लूट में शामिल पांच हजार के इनामी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। साथ ही आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र स्थित गांव तांशीपुर निवासी विकास कुमार ने चार मार्च को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि वह शाम के समय रुड़की से घर जा रहा था। इसी दौरान मंदिर के पास चार बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उनसे 10 हजार की नकदी, बाइक और मोबाइल लूट लिया था। लूट की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से एक बदमाश को मौके पर गिरफ्तार कर लूट की बाइक बरामद की थी। मौके पर गिरफ्तार बदमाश सौरभ शर्मा निवासी करनाल ने बताया था कि वासु शर्मा, अतुल भारद्वाज निवासी खेड़ाजट्ट और कृष्णा त्यागी निवासी इकबालपुर के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया था। एसएसपी ने वासु शर्मा, अतुल भारद्वाज और कृष्णा त्यागी पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इंस्पेक्टर शांति कुमार गंगवार ने बताया कि अतुल भारद्वाज को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।