भगवानपुर क्षेत्र स्थित भोले बाबा ऑर्गेनिक डेयरी मिल्क प्राइवेट लिमिटेड की रिपोर्ट तैयार कर खाद्य सुरक्षा विभाग हरिद्वार की ओर से शासन और एफएसएसएआई दिल्ली को भेजी जा रही है। आंध्रप्रदेश में स्थित तिरुपति बालाजी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर से लड्डू का प्रसाद दिया जाता है।
पिछले दिनों जांच में पता चला था कि लड्डू बनाने में जो देसी घी इस्तेमाल हो रहा है। उसमें पशु चर्बी मिली है। इसके बाद से पूरे देश में यह मामला छाया हुआ है। इसको लेकर साधु-संतों के साथ हिंदू धर्म के लोगों में गहरा आक्रोश है। लड्डू में इस्तेमाल होने वाले घी की सप्लाई भगवानपुर स्थित मै. भोले बाबा ऑर्गेनिक डेयरी मिल्क प्रा. लिमिटेड से होने की बात सामने आई थी।
फैक्टरी में कोई उत्पाद बनता हुआ नहीं मिला
इसके बाद बीते रविवार को उत्तराखंड खाद्य सुरक्षा आयुक्त एवं औषधि प्रशासन आर राजेश कुमार व अपर आयुक्त ताजवर सिंह के निर्देश पर जिला खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने भगवानपुर स्थित फैक्टरी में छापा मारा था। हालांकि उस समय फैक्टरी में कोई उत्पाद बनता हुआ नहीं मिला लेकिन मौके से रैपर, गत्ते की पेटियां और खाली टिन मिले थे।
सोमवार को इस मामले में दिल्ली से एफएसएसएआई की टीम भी पहुंची थी। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने फैक्टरी में छापे के दौरान जो जानकारी जुटाई है। उसके संबंध में विभाग ने एक रिपोर्ट तैयार की है। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने रिपोर्ट में क्या है। इसको लेकर कोई जानकारी नहीं दी है लेकिन उन्होंने बताया कि रिपोर्ट को एफएसएसएआई दिल्ली और विभाग के उच्चाधिकारियों को भेजा रहा है।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand: साइबर हमला...राज्य लोक सेवा आयोग की वेबसाइट ठप, अब पुराने तरीके से जारी होंगे रिजल्ट
फैक्टरी से जुड़े लोगों की खंगाली जा रही कुंडली
भोले बाबा ऑर्गेनिक डेयरी मिल्क प्राइवेट लिमिटेड में माल सप्लाई करने वाले लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। उनके संबंध में तमाम जानकारियां जुटाई जा रही हैं। उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की तैयारी है। फैक्टरी में बड़ी मात्रा में घी तैयार होता था। इस घी को किस तरह से तैयार किया जाता था। इसको लेकर विभाग तमाम जानकारी जुटा चुका है। गोपनीय ढंग से यह कार्रवाई चल रही है। मामले से जुड़े लोगों की घेराबंदी की जा रही है। जल्द ही इन पर कानूनी शिकंजा कसा जा सकता है। इसको लेकर सबूत भी जुटाए जा रहेे हैं।