प्रतिबंधित पॉलिथीन को लेकर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। नई सब्जी मंडी में जमकर पॉलिथीन का इस्तेमाल होने की सूचना पर शनिवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट और नगर आयुक्त ने टीम के साथ छापा मारा। छापे के दौरान एक आढ़ती के पास से भारी मात्रा में पॉलिथीन बरामद हुई है।
जेएम ने सारी पॉलिथीन जब्त करा दी। साथ ही आढ़ती पर 20 हजार रुपये का जुर्माना भी ठोका गया है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अभिनव शाह को सूचना मिली कि नवीन मंडी रामपुर में पॉलिथीन में कई दुकानदार सामान बेच रहे हैं। कुछ लोग सब्जी-फल के साथ पॉलिथीन बेचने का भी धंधा कर रहे हैं
सूचना पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने नगर आयुक्त विजय नाथ शुक्ला, सहायक नगर आयुक्त एसपी गुप्ता व संजय कुमार आदि के साथ नवीन मंडी में छापा मारा। आढ़ती के पास से करीब 40 किलो पॉलिथीन बरामद हुई। पॉलिथीन को जब्त कर लिया गया। आढ़ती ने दोबारा ऐसा न करने की बात कही, लेकिन अफसरों ने सारी पॉलिथीन जब्त कर ली।
साथ ही भारी मात्रा में पॉलिथीन रखे जाने पर 20 हजार रुपये का जुर्माना भी आढ़ती पर ठोका। उसे नोटिस दिया गया कि यदि दोबारा पॉलिथीन उसके पास से बरामद हुई तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई को देख मंडी में हड़कंप की स्थिति रही। कई लोग तो अपनी दुकानें ही बंद कर चले गए।
इसके बाद आदर्शनगर में तीन दुकान व रेहड़ी से भी पॉलिथीन पकड़ी गई। उन पर भी जुर्माना ठोका गया। इस मौके पर सफाई निरीक्षक सचिन कुमार, विपिन शर्मा, राहुल आदि मौजूद रहे।
सीपीसीबी की टीम भी डाले हैं डेरा
पॉलिथीन पर दो दिन पहले केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड दिल्ली से आई टीम ने प्रशासन और नगर निगम के साथ मिलकर पुरानी तहसील के पड़ाव से भारी मात्रा में पॉलिथीन पकड़ी थी। उन पर एक-एक लाख रुपये जुर्माना भी लगाया था। पॉलिथीन पर अभी तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है। पॉलिथीन को लेकर शासन-प्रशासन बेहद सख्त है। इसी के चलते लगातार छापे मारे जा रहे हैं।केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड दिल्ली की टीम भी रुड़की में डेरा डाले हुए हैं। कभी भी सिंगल यूज प्लास्टिक बेचने वालों पर फिर से बड़ी कार्रवाई हो सकती है।
सड़क पर ईंट, बजरी व रेत बेचने पर जुर्माना
सड़क पर ईंट, बजरी और रेत बेचने पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अभिनव शाह ने एक कारोबारी पर पांच हजार रुपये का जुर्माना ठोका है। आदर्श नगर में इस कारोबारी ने निर्माण सामग्री का सारा सामान सड़क पर रखा हुआ था। उसे तत्काल सामान हटाने के लिए भी कहा गया है।