उत्तराखंड शासन की ओर से 19 अक्तूबर को महानवमी के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने से स्कूली बच्चों में खुशी की लहर है। शनिवार दोपहर बाद अवकाश की सूचना मिलने पर बच्चों ने राहत की सांस ली। वहीं, कई स्कूलों में शासन की ओर से घोषणा होने से पहले ही सोमवार का अवकाश घोषित कर दिया गया था। गौरतलब है कि रविवार को साप्ताहिक अवकाश और मंगलवार, 20 अक्तूबर को विजयदशमी के अवसर पर छुट्टी घोषित होने के कारण सोमवार को स्कूल खुलने थे। ऐसे में कुछ स्कूलों ने सोमवार के लिए विवेकाधीन अवकाश घोषित कर दिया था जबकि अन्य स्कूलों में बच्चों को सोमवार को पढ़ाई के लिए पहुंचना था। इसी बीच शनिवार दोपहर बाद शासन की ओर से 19 अक्तूबर को महानवमी के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया गया। इसकी सूचना मिलते ही स्कूलों में छुट्टी को लेकर बनी असमंजस की स्थिति दूर हो गई। लगातार तीन दिन की छुट्टियां मिलने से बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। संवाद