क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत करने और संदिग्धों पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने रविवार सुबह सिसौना व सम्राट कॉलोनी में किरायेदारों का सत्यापन अभियान चलाया। इस कार्रवाई से बिना सत्यापन के बाहरी लोगों को अपने घरों में रखने वाले मकान मालिकों पर जुर्माना लगाया गया। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने किराएदारों का सत्यापन किया। बाहरी राज्यों के कर्मचारियों, मजदूरों, फड़-ठेली वालों और गुड़ चरखी मजदूरों समेत करीब 170 लोगों का सत्यापन किया। अभियान के दौरान पुलिस ने पाया कि कई मकान मालिकों ने नियमों की अनदेखी कर बाहरी लोगों को बिना पुलिस वेरिफिकेशन के किराए पर रखा हुआ था। नियमों की अनदेखी करने वाले 78 मकान मालिकों के खिलाफ पुलिस ने जुर्माना की कार्रवाई की। पुलिस ने हर एक मकान मालिक का 10-10 हजार रुपये का कोर्ट चालान किया। इंस्पेक्टर रितेश शाह ने कहा कि नियमों की अनदेखी करने वालों और बिना सत्यापन किराएदार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।