लापता बच्ची को पुलिस टीम ने ढूंढ निकाला
मंगलौर। शनिवार की देर शाम मंगलौर पुलिस ने लापता 5 साल की मासूम बच्ची को सुरक्षित ढूंढ निकाला। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मोहल्ला बाहर किला निवासी नवाब की बहन अपने बच्चों के साथ मायके आई हुई थी। शनिवार देर शाम उसकी 5 साल की बेटी घर के बाहर खेलते-खेलते अचानक लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्ची का कहीं पता नहीं चला, तो परिजनों ने कस्बा पुलिस चौकी को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल ऑपरेशन स्माइल टीम को सक्रिय किया व सर्च अभियान चलाया। टीम को मुख्य बाजार की चांदनिया कपड़े वाली गली के पास पहुंची बच्ची रोती हुई मिली। पुलिसकर्मी उसे सुरक्षित पुलिस चौकी लाए व पहरवार को सूचना दी। मामा नवाब व बच्ची की मां चौकी पहुंचे व टीम का आभार जताया। कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि बच्ची घर के बाहर खेलते हुए गायब हुई थी जिसे कस्बा चौकी पुलिस ने चंद घंटों में ढूंढ़कर परिजनों के सुपुर्द किया।