पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बृहस्पतिवार रात बादशाहपुर गांव के जंगल में छापा मारकर शराब बनाने की भट्ठी पकड़ी। पुलिस टीम को मौके पर आता देख भट्ठी चला रहे लोग गन्ने के खेतों के रास्ते फरार हो गए। पुलिस ने मौके से पांच लीटर कच्ची शराब और भट्ठी चलाने के उपकरण बरामद किए। वहीं करीब 200 लीटर कच्चे लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि बादशाहपुर गांव के जंगल में कुछ लोग भट्ठी लगाकर शराब बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। पुलिस टीम जैसे ही जंगल में पहुंची वहां मौजूद लोग पुलिस को देखकर भाग निकले। पुलिस ने मौके की तलाशी ली तो वहां कच्ची शराब बनाने के लिए भट्ठी और अन्य उपकरण मिले। टीम ने पांच लीटर कच्ची शराब बरामद कर ली, जबकि शराब बनाने के लिए तैयार करीब 200 लीटर लाहन को नष्ट कर दिया। पुलिस ने भट्ठी चलाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी कब्जे में ले लिए हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि फरार आरोपियों की पहचान और तलाश की जा रही है। संवाद