युवक के पास से लोहे के सरिये और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद
दो माह पूर्व भी चोरी में गया था जेल, पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल
रेलवे स्टेशन पर निर्माण कार्य के दौरान लोहे का सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने बाइक सवार युवक को गिरफ्तार किया है। उससे चोरी का सामान भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है।
गंगनहर कोतवाली पुलिस को जीएसीपीएल कंपनी के सुपरवाइजर उमाशंकर ने तहरीर देकर बताया था कि रुड़की-देवबंद निर्माण कार्य के लिए पनियाला के पास निर्माण सामग्री रखी है। 15 अगस्त की रात चोरों ने लोहे का सामान चोरी कर लिया था। पुलिस ने केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी थी। इस बीच पुलिस को एक संदिग्ध बाइक का पता चला था।
बाइक के नंबर के आधार पर बृहस्पतिवार रात पुलिस ने भगवानपुर-मंगलौर हाईवे से एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद उसकी निशानदेही पर चोरी का सामान भी बरामद कर लिया गया है। कोतवाली प्रभारी मनीष उपाध्याय ने बताया कि नूर आलम निवासी ग्राम गाधारोणा, मंगलौर को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से लोहेे के छह सरिये बरामद हुए हैं। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। आरोपी युवक पूर्व में ही जेल जा चुका है। उसकी बाइक भी सीज कर दी गई है।