धार्मिक भावनाओं का लाभ उठाकर लोगों को गुमराह करने वाले 40 बहुरूपियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि ऑपरेशन कालनेमि के तहत रविवार को दरगाह क्षेत्र और आसपास के इलाकों में सत्यापन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान तांत्रिक और अन्य छदम वेश धारण कर आमजन को भ्रमित करने वाले 40 लोगों को चिह्नित कर पुलिस एक्ट के तहत चालान किया गया। पुलिस ने दरगाह शरीफ के आसपास स्थित सरायों, रैन बसेरों और टीन शेडों में ठहरे लोगों का भी सत्यापन किया। जांच में सामने आया कि कुछ लोग तांत्रिक और फकीर का वेश धारण कर विशेष रूप से महिलाओं व युवाओं को उनकी व्यक्तिगत, पारिवारिक समस्याओं का समाधान करने का झूठा भरोसा देकर आर्थिक लाभ कमा रहे थे। सभी को कोतवाली लाकर पूछताछ कर चालान किया गया।