उल्हेड़ा गांव के मुख्य मार्ग पर गंदगी के अंबार लगे हैं। ऐसे में ग्रामीणों को दुर्गंध के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग की सफाई करवाने और चौड़ीकरण कराए जाने की मांग की है।नारसन क्षेत्र के गांव उल्हेड़ा के मुख्य मार्ग पर ही कूड़े के ढेर लगे हैं। ऐसे में कूड़ा बाहर से आने वाले लोगों को भी मुंह चिढ़ा रहा है। इतना ही नहीं मुख्य मार्ग की चौड़ाई कम होने से आवाजाही में भी परेशानी हो रही है। दरअसल, मार्ग करीब 25 फीट का है। कूड़ा डलने की वजह से इसकी चौड़ाई मात्र 10 से 12 फीट रह गई है। ऐसे में चार पहिया वाहनों और भैंसा बुग्गी ले जाने में भी परेशानी हो रही है। ओमप्रकाश, संजीव, राजकुमार, शोभिंदर, गुरुदत्त त्यागी आदि ग्रामीणों ने बताया कि मुख्य मार्ग पर कूड़े के ढेर लगे होने से गांव की छवि भी खराब हो रही है। गंदगी के कारण गांव में बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने साफ-सफाई करवाकर मार्ग चौड़ा करवाने की मांग की है। उधर, ग्राम प्रधान रूमा देवी ने बताया कि जल्द ही साफ-सफाई कराई जाएगी। ग्रामीणों को आवाजाही में परेशानी नहीं होने दी जाएगी।