इंटरव्यू देने आए युवाओं ने सरकार का पुतला जलाया
झबरेड़ा। कस्बे में घोषणा के बाद रोजगार मेला अचानक स्थगित करने पर युवाओं ने जमकर हंगामा किया। नौकरी के लिए इंटरव्यू देने आए युवाओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर पुतला जलाया। झबरेड़ा के एक बैंक्वेट हॉल में शुक्रवार को रोजगार मेला लगाने की घोषणा की गई थी। झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र कुमार ने आसपास के गांवों में लाउडस्पीकर से अनाउंस भी करवाया था, लेकिन ऐन वक्त पर अज्ञात कारणों से रोजगार मेला स्थगित कर दिया गया। इस दौरान युवा वर्ग मेले के कार्यक्रम अनुसार 10 बजे नौकरी के लिए इंटरव्यू देने आ गए, लेकिन जब पता चला कि रोजगार मेला स्थगित कर दिया गया है, तो इससे नाराज होकर युवाओं ने सरकार पर मनमानी का आरोप लगाते हुए प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल पर ही सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। नौकरी की तलाश में पहुंचे युवाओं ने इकठ्ठे होकर सरकार का पुतला दहन किया। इस दौरान युवाओं ने सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। इस मौके पर रोहित, सौरभ, राधिका, सलोनी, आदित्य, आकाश, लव कुश, अमित, कुनाल आदि ने रोजगार मेला स्थगित करने पर रोष प्रकट किया। उधर विधायक वीरेंद्र जाती ने बताया है कि प्रदेश सरकार ने स्थानीय कार्यकर्ताओं के कहने पर मेला स्थगित कराकर युवाओं के विरुद्ध कार्य किया है। सरकार नहीं चाहती कि बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर मिले। इसका जवाब युवा वर्ग आगामी चुनाव में जरूर देगा।