घर से फरार प्रेमी युगल को हाईकोर्ट ने पुलिस को सुरक्षा मुहैया कराने के आदेश दिए हैं। मामला अलग-अलग समुदाय से जुड़ा होने के बाद पुलिस भी सतर्क हो गई है। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित एक मोहल्ला निवासी समुदाय विशेष और दूसरे समुदाय के युवक के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चला आ रहा था। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पूर्व दोनों शादी करने के लिए घर से फरार हो गए थे। दोनों ने परिवार से जानमाल का खतरा जताते हुए हाईकोर्ट में प्रार्थनापत्र देकर सुरक्षा मुहैया कराने की गुहार लगाई थी। साथ ही अपने बालिग होने और शैक्षिक प्रमाण पत्र भी दिए थे। अधिवक्ता अशोक कुमार बेनीवाल ने बताया कि हाईकोर्ट ने दोनों को सुरक्षा मुहैया कराने के आदेश सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस को दिए हैं। हाईकोर्ट के आदेश पुलिस को भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।