पुलिस ने 40 हजार रुपये के कीमत की स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। साथ ही उसके संपर्क में रहने वालों को चिह्नित कर रही है।
एसएसपी अजय सिंह की ओर से नशे की तस्करी की रोकथाम के लिए पुलिस को चेकिंग के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में सिविल लाइंस कोतवाली में तैनात दरोगा महेंद्र पुंडीर सिपाही सुरेंद्र व अनंतराम के साथ जौरासी के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि जौरासी निवासी एक युवक जौरासी जबरदस्तपुर तिराहे पर स्मैक बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो वह भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया और तलाशी ली। तलाशी में उसके पास से 12.49 ग्राम स्मैक बरामद हुई। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि स्मैक के साथ इमरान जौरासी जबरदस्तपुर, रुड़की को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। बताया कि स्मैक की कीमत करीब 40 हजार रुपये है। वह बरेली से खरीदकर स्मैक यहां के क्षेत्र में बेचता है।