तिलकपुरी गांव के पास गेहूं के खेत की मेड़ पर एक नीलगाय संदिग्ध परिस्थिति में मृत पाई गई। सूचना पर पहुंची वन विभाग उत्तराखंड की टीम ने मौके पर पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए चिड़ियापुर रेस्क्यू सेंटर भेज दिया। बताया गया कि शुक्रवार सुबह खेत की ओर गए किसान ने नीलगाय को मृत अवस्था में देखा। इसके बाद ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। वन दरोगा रामनाथ और वन आरक्षी सुमित सैनी, कविंद्र सैनी और रोहित टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि खेत के किनारे बंधी लोहे की तार में आ रहे करंट की चपेट में आने से नीलगाय की मौत हुई है। टीम ने मौके से लोहे की तार भी बरामद की है। वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र गिरी ने बताया कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।