भारतीय किसान यूनियन (रोड़) की ओर से शहर के प्रशासनिक भवन में आयोजित बैठक में किसानों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और किसानों के हितों से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष तेज करने का निर्णय लिया गया। इस दौरान रुड़की ब्लॉक के गुम्मावाला निवासी मोनू मलिक के नेतृत्व में सैकड़ों युवाओं ने भाकियू (रोड़) की सदस्यता ग्रहण की। राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी पदम सिंह रोड़ ने युवाओं का स्वागत करते हुए कहा कि युवा शक्ति समाज और देश की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने मोनू मलिक को संगठन का युवा जिलाध्यक्ष मनोनीत करते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में संगठन और मजबूत होगा। प्रदेश अध्यक्ष संजीव कुशवाहा ने कहा कि प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया का संगठन पुरजोर विरोध करेगा। वहीं प्रदेश महासचिव प्रदीप त्यागी ने कहा कि किसानों के हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। इस मौके पर गोपाल राणा, अनिल पुंडीर, जावेद अली, मुरसलीन, टीटू मलिक, मतलूब, जव्वाद, अनिल रोड़, रियासत, अनुज त्यागी, मोमिन और परवेज आदि मौजूद रहे।