झबरेड़ा। इकबालपुर के पास 24 दिसंबर को हुई तीन लाख की लूट के मामले में आरोपियों को रिमांड पर लेकर झबरेड़ा पुलिस ने पूछताछ की। इसके आधार पर आरोपियों से लूट के दो मोबाइल और एक पासबुक बरामद की गई। इससे पहले पुलिस ने लूटी गई रकम में से 65 हजार रुपये भी बरामद किए थे।
मोलना गांव निवासी सुबोध त्यागी 24 दिसंबर को पीएनबी इकबालपुर से तीन लाख रुपये निकालकर वापस लौट रहा था। तभी इकबालपुर-मोलना गांव के बीच बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचा दिखाकर तीन लाख रुपये लूट लिए थे। किसी अन्य मामले में सहारनपुर की तीतरों पुलिस ने आरोपियों को धर दबोचा।
पूछताछ में उन्होंने इकबालपुर के समीप तीन लाख की लूट की वारदात कबूल की थी। सूचना पर इकबालपुर पुलिस ने वादी से आरोपियों की शिनाख्त भी कराई थी। आरोपियों से लूट के 65 हजार भी बरामद किए गए थे। इसके बाद झबरेड़ा पुलिस ने आरोपियों की रिमांड के लिए कोर्ट में आवेदन किया था। कोर्ट से रिमांड मंजूर होने के बाद शुक्रवार को झबरेड़ा पुलिस ने तीनों आरोपी संदीप, अनिल और अमित निवासी सहारनपुर से पूछताछ की। इस दौरान मालूम चला कि आरोपी भगवानपुर क्षेत्र के सिसौना गांव में किराए का कमरा लेकर रह रहे थे, जांच से लूट का दो मोबाइल और पासबुक बरामद की गई है।